
- जेएसआर क्रिकेट अकादमी ने शाहगंज को 106 रन से हराया
- टूर्नामेंट का उद्घाटन साधु वर्मा व अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया
- प्रिंस बने मैन ऑफ द मैच, शानदार बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी
अंबेंडकरनगर। जनपद में क्रिकेट को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित अंबेडकर नगर क्रिकेट लीग 2025 का उद्घाटन जेएसआर क्रिकेट अकादमी मैदान पर समारोह के साथ किया गया। पहले ही दिन खेले गए मुकाबले में जेएसआर क्रिकेट अकादमी अंबेडकर नगर ने शाहगंज को 106 रन से पराजित कर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की।
टूर्नामेंट का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.पी. सिंह, जिला पंचायत सदस्य विजय यादव तथा पशुपति फीलिंग स्टेशन के स्वामी पप्पू यादव के कर-कमलों द्वारा हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमी, स्थानीय नागरिक व खेल जगत से जुड़े लोग मौजूद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए जेएसआर क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 40 ओवर में 213 रन बनाए। टीम के लिए प्रिंस ने दमदार बल्लेबाज़ी करते हुए 68 रन की नाबाद पारी खेली। गेंदबाज़ी में भी उन्होंने प्रभावित किया और 5 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब प्रदान किया गया।
शाहगंज की चुनौती रही कमजोर, अंश यादव की गेंदबाजी सराहनीय
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहगंज टीम ने शुरुआत में संघर्ष किया लेकिन JSR अकादमी की धारदार गेंदबाज़ी के सामने टीम संभल नहीं सकी और पूरा स्कोर 107 रन पर सिमट गया। शाहगंज की ओर से अंश यादव ने गेंदबाज़ी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया।








