
- एक्सयूवी 500 कार हाईवे पर डिवाइडर से टकराई, दो बच्चों की मौके पर ही मौत
- दो महिलाओं ने शाजापुर जिला अस्पताल में तोड़ा दम, तीन घायल
- यूपी के गोंडा जिले के रहने वाले थे सभी, सूरत में करते थे काम
राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सूरत लौट रहा परिवार एक्सयूवी 500 कार में सवार था और हाईवे पर ड्राइवर को झपकी लगने के कारण कार डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं ने शाजापुर जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों में एक बच्ची, एक महिला और कार चालक शामिल हैं। हादसे के समय सभी लोग अयोध्या दर्शन कर सूरत लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों और ट्रक चालकों ने की मदद
हादसे के तुरंत बाद अहमदाबाद जा रहे एम्बुलेंस चालक यग्नेश भाई रावल और कुछ ट्रक चालकों ने मिलकर कार का दरवाजा तोड़ा और घायलों को बाहर निकाला। पचोर पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से सभी को पचोर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
मृतकों और घायलों की सूची
परिजन आयुष दुबे के अनुसार, कार चला रहे भोलेनाथ दुबे के साथ उनकी पत्नी पुष्टम दुबे (50), बेटा अनमोल दुबे (16), बेटी अंशिका दुबे (14), बहन प्रमिला पांडे (55), उनका बेटा प्रियांशु पांडे (11) और बड़ी बहन शिवदेवी तिवारी (45) सवार थीं।
मौके पर मौत: अनमोल दुबे, प्रियांशु पांडे
अस्पताल में मौत: प्रमिला पांडे, शिवदेवी तिवारी
घायल: पुष्टम दुबे, अंशिका दुबे, भोलेनाथ दुबे
इलाज जारी, डॉक्टरों ने दी जानकारी
डॉ. दीपक पाटीदार के मुताबिक, पचोर से लाए गए चार घायलों में से दो महिलाओं की मौत इलाज के दौरान हुई, जबकि एक बच्ची और एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव से लौट रहे थे सूरत
हादसे का शिकार हुआ परिवार उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के दुबेपुरवा भवानीपुर मोजा का रहने वाला था और सूरत में काम करता है। वे शादी समारोह में शामिल होने यूपी आए थे और अयोध्या दर्शन के बाद सूरत लौट रहे थे।








