फर्जी जॉइनिंग लेटर लेकर सिपाही ट्रेनिंग में पहुंची युवती गिरफ्तार

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सिपाही की ट्रेनिंग लेने पहुंची एक युवती को पुलिस ने फर्जी जॉइनिंग लेटर के साथ पकड़ा है। आरोपी युवती आगरा जिले के जैतपुर कलां, करनपुरी की रहने वाली मीनाक्षी है, जो अमरोहा जिले की एक महिला अभ्यर्थी के दस्तावेजों को एडिट कर ट्रेनिंग में शामिल होने पहुंची थी।

पुलिस लाइन में दस्तावेज जांच के दौरान अफसरों को तब शक हुआ, जब ‘मीनाक्षी’ नाम की पहले से पंजीकृत पांच महिला अभ्यर्थियों के अलावा एक और मीनाक्षी नाम सामने आया। जांच में फर्जीवाड़े की पुष्टि होते ही युवती को गिरफ्तार कर लिया गया।

सिपाही भर्ती में फेल हुई थी युवती

पूछताछ में आरोपी मीनाक्षी ने बताया कि वह सिपाही भर्ती परीक्षा में फेल हो गई थी। एक महिला सिपाही से प्रेरित होकर उसने किसी भी कीमत पर नौकरी पाने की ठान ली। इसके बाद उसने असली अभ्यर्थी के जॉइनिंग लेटर को एडिट कर उसमें अपना नाम डाल दिया और ट्रेनिंग में शामिल होने सहारनपुर पहुंच गई।

फर्जी दस्तावेज बनाकर असली अभ्यर्थी को धमकाया

पुलिस जांच में सामने आया है कि मीनाक्षी ने अमरोहा जिले के नवापुरा गांव की रहने वाली असली अभ्यर्थी मीनाक्षी पुत्री शिवराज के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया। आरोपी युवती ने उस अभ्यर्थी को धमकाया भी था, ताकि वह ट्रेनिंग के लिए न पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, जब आरोपी के मोबाइल की जांच की गई तो उसमें सिर्फ 10 दिन का डेटा मिला। बाकी का पूरा डेटा डिलीट किया गया था। पुलिस को युवती के हाथों पर पुराने कट के निशान भी मिले हैं, जिससे प्रेम प्रसंग के चलते आत्मघाती प्रवृत्ति की भी आशंका जताई जा रही है।

250 महिला रिक्रूट ले रहीं ट्रेनिंग, सभी दस्तावेजों की जांच तेज

सहारनपुर पुलिस लाइन में फिलहाल 6 जिलों की कुल 250 महिला अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग चल रही है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने यह सब अकेले किया या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एसएसपी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बिना वैध प्रक्रिया के भर्ती प्रक्रिया में शामिल न हो सके।

Related Posts

पीएम मोदी से मिले गूगल सीईओ सुंदर पिचाई, AI सहयोग पर हुई चर्चा

नई दिल्ली। Google के सीईओ Sundar Pichai ने 18 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। पीएम मोदी ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि भारत में…

Continue reading
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म की कोशिश

गोरखपुर। गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में एक 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने…

Continue reading