
- पंजीकरण से ड्राइविंग टेस्ट तक, मौके पर पूरी प्रक्रिया
- न्यूनतम योग्यता कक्षा 8, 5 फुट 3 इंच हाइट जरूरी
- चयनित चालकों को मिलेगा भुगतान और बीमा सुविधा
लखनऊ। अवध बस स्टेशन, कामता में मंगलवार सुबह से उत्तर प्रदेश रोडवेज का दो दिवसीय रोजगार मेला शुरू हो गया है। पहले दिन दोपहर तक लगभग 70 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराकर शारीरिक माप, दस्तावेज सत्यापन और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया में भाग लिया। इस मेले में कुल 204 संविदा चालकों की भर्ती की जानी है।
यह मेला 29 और 30 जुलाई 2025 तक चलेगा, जिसमें चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मानकों के अनुरूप संचालित की जा रही है। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी और सेवा प्रबंधक विनोद कुमार की निगरानी में भर्ती की संपूर्ण प्रक्रिया चल रही है।
मौके पर हो रहा पंजीकरण और चयन
रोजगार मेले में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को मौके पर ही पंजीकरण करना होता है। इसके बाद उनकी हाइट, वज़न, दस्तावेज़ों की जांच और ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता है। चयनित उम्मीदवारों को रोडवेज की संविदा योजना के तहत नियुक्त किया जाएगा।
मानक निर्धारित: हाइट, उम्र और योग्यता जरूरी
चालक पद के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम हाइट 5 फुट 3 इंच होनी चाहिए। आयु सीमा 23 वर्ष 6 माह से 59 वर्ष के बीच निर्धारित है। साथ ही, दो साल पुराना वैध कॉमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस और न्यूनतम कक्षा 8वीं पास होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों में दिखा उत्साह
लखनऊ के विनय कुमार दुबे, जो पहली बार रोजगार मेले में शामिल हुए, ने बताया— “मैं हाईस्कूल फेल हूं और इससे पहले प्राइवेट बस चलाता था। लेकिन पहली बार सरकारी प्लेटफॉर्म पर अवसर मिल रहा है। यह मेरे परिवार के लिए उम्मीद की किरण है।”








