सलमान खान से मिलने निकले तीन बच्चे नासिक में मिले

नई दिल्ली। दिल्ली के सदर बाजार इलाके में रहने वाले 13, 11 और 9 साल के तीन बच्चे अचानक 25 जुलाई को लापता हो गए थे। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई।

पुलिस को पता चला कि तीनों बच्चे ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ के जरिए महाराष्ट्र के जालना निवासी वहीद नाम के एक युवक के संपर्क में आए थे। वहीद ने दावा किया था कि वह बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान से मिल चुका है और उनसे मिलने में मदद कर सकता है।

सलमान से मिलने की चाह में निकले घर से

तीनों बच्चों ने वहीद की बातों पर भरोसा करते हुए घर छोड़ा और बिना किसी को बताए मुंबई की ओर निकल पड़े। एक बच्चे के घर से हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें वहीद से मिलने की बात थी।

इसके बाद पुलिस ने अजमेरी गेट और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें तीनों बच्चे स्टेशन की ओर जाते दिखे। अनुमान लगाया गया कि वे ‘सचखंड एक्सप्रेस’ ट्रेन से महाराष्ट्र की ओर निकले होंगे।

नासिक में मिले तीनों बच्चे, सलामत हैं

जैसे ही वहीद को पुलिस जांच की खबर लगी, उसने बच्चों से मिलने से इनकार कर दिया। इसके बाद बच्चों ने जालना की योजना रद्द कर दी और नासिक में ट्रेन से उतर गए।

मोबाइल लोकेशन और सर्च ऑपरेशन के जरिए बच्चों को चार दिन बाद मंगलवार को नासिक रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने रेलवे और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की।

परिजनों को राहत की सांस

तीनों बच्चे अब पूरी तरह सुरक्षित हैं और पुलिस उन्हें दिल्ली वापस भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। इस घटना ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Back to top button