- 3 नवंबर को होगा सर्वधर्म सामूहिक विवाह कार्यक्रम
- अब तक 63 बेटियों की कर चुके हैं विदाई
- इस बार हर नवविवाहिता को मिलेंगी 21 जरूरी गृहस्थी वस्तुएं
बसखारी (अम्बेडकरनगर)। पीके चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. शरद यादव ने एक बार फिर सेवा की नई इबारत लिखते हुए निर्धन परिवारों की बेटियों के हाथ शाही अंदाज में पीले कराने का संकल्प लिया है। आगामी 3 नवंबर को होने वाले सर्व धर्म सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत 21 गरीब कन्याओं का विवाह राजसी परंपरा के साथ संपन्न कराने की तैयारियां ट्रस्ट के स्तर पर जोरशोर से आरंभ हो गई हैं।
डॉ. शरद यादव की अगुवाई में ट्रस्ट द्वारा वर्षों से यह सामाजिक परंपरा निभाई जाती रही है। अब तक 63 गरीब बेटियों को सम्मानपूर्वक विदा किया जा चुका है। इस वर्ष भी ट्रस्ट की ओर से न केवल विवाह की समस्त व्यवस्थाएं की जाएंगी, बल्कि नवविवाहित कन्याओं को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए 21 उपयोगी वस्तुएं उपहारस्वरूप भेंट की जाएंगी। इनमें बेड, बर्तन, बिस्तर, चांदी के आभूषण, और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम—सिलाई मशीन भी शामिल रहेगी।
इस पुनीत कार्य का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंच सके, इसके लिए 15 अगस्त से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की गई है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों द्वारा पात्र व इच्छुक अभिभावकों से समय रहते आवेदन की अपील की गई है।
ट्रस्ट सिर्फ विवाह आयोजन तक सीमित नहीं है। हाल ही में 28 जून को ट्रस्ट की प्रेरणास्रोत दिवंगत श्रद्धा यादव की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 55 निर्धन महिलाओं को रोजगार सृजन हेतु सिलाई मशीनें भेंट की गईं। यही नहीं, पीके चैरिटेबल ट्रस्ट 26 बच्चों की शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, महामारी के समय राशन वितरण जैसी कई पहलों से समाज सेवा की दिशा में लगातार काम कर रहा है।








