अंबेडकरनगर। जनपद अंबेडकरनगर के नगर पालिका परिषद अकबरपुर अंतर्गत पं. दीनदयाल उपाध्याय शहरी योजना के अंतर्गत फौव्वारा तिराहा से लेकर संघतिया पुलिस चौकी तक सड़क मार्ग को आधुनिक एवं सुरक्षित बनाने के लिए ₹1.50 करोड़ की लागत से 138 डबल आर्म एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना को शासन स्तर से स्वीकृति प्राप्त हो गई है।
नगर विकास की दिशा में एक और ठोस कदम
इस स्वीकृति के बाद नगर क्षेत्र में अधोसंरचना विकास की दिशा में एक नई पहल मानी जा रही है, जिससे न केवल सड़क मार्ग पर रात्रिकालीन रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी, बल्कि नगर का समग्र सौंदर्य भी निखरेगा। यह कार्य नगर में नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों को एक नई दिशा देगा।
विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय ने जताया आभार
विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना के माध्यम से नगरों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अकबरपुर के नागरिकों के लिए यह कार्य रात के अंधेरे में उजाले की एक नई शुरुआत होगी। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री श्री ए. के. शर्मा का विशेष रूप से आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने मेरे प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए इसकी स्वीकृति प्रदान की। नगरवासियों को यह विकास कार्य समर्पित है।”








