
- कैसरबाग के नजरबाग इलाके में बुजुर्ग महिला की मौत
- ब्रिगेडियर बेटा बेंगलुरु में तैनात, फोन पर संपर्क न होने पर खुला मामला
- दरवाजा अंदर से बंद, पुलिस ने तोड़कर प्रवेश किया
लखनऊ। लखनऊ के कैसरबाग क्षेत्र में 85 वर्षीय डॉ. सरोजनी कपूर, जो सेवानिवृत्त शिक्षिका और ब्रिगेडियर अखिलेश कपूर की मां थीं, अपने घर में मृत पाई गईं। वह घर में अकेली रहती थीं। पुलिस के अनुसार, उनका निधन पूजा करते समय हुआ होगा। जानकारी के मुताबिक, ब्रिगेडियर बेटे की तैनाती बेंगलुरु में है। सोमवार रात उन्होंने मां को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों को घर भेजा। दरवाजा भीतर से बंद था, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। छत के रास्ते घर में प्रवेश कर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर शव बरामद किया।
परिजनों ने बताया कि डॉ. सरोजनी कपूर हृदय और सांस की बीमारी से पीड़ित थीं। रक्षाबंधन के दिन वह अपने भाई के घर राखी बांधने गई थीं और भतीजे ने उन्हें घर छोड़ा था। उनके पति का निधन 11 साल पहले हो चुका था और घर पर खाना बनाने एक लड़की आती थी।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर रिपोर्ट मंगाई है। मामले में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।








