लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने बड़ी वारदात का रूप ले लिया। आदिलनगर में गोबर फेंकने को लेकर हुए झगड़े में 22 वर्षीय डेयरी संचालक दानिश की पड़ोसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि पड़ोसी फारुख और उसके परिवार के 7-8 लोग दानिश को घर से खींचकर ले गए और बेलचे व लाठी-डंडों से तब तक मारते रहे जब तक वह अचेत नहीं हो गया।
मां को बचाते हुए बनी जानलेवा झड़प
शुक्रवार सुबह दानिश की मां अब्दा घर से बाहर निकलीं तो उन्होंने दरवाजे के सामने गोबर फेंका देखा। पूछताछ पर पड़ोसी फारुख भड़क उठा और आरोप लगाया कि उसने ही गोबर फेंका है। विरोध करने पर फारुख और उसके परिवार ने महिला से मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर दानिश बाहर आया और मां को बचाने लगा। इसी दौरान आरोपियों ने मां को छोड़कर दानिश पर हमला कर दिया।
घर के अन्य सदस्य जब मौके पर पहुंचे तो पड़ोसी फरार हो चुके थे और दानिश गंभीर हालत में बेहोश पड़ा था। अस्पताल ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
“अकेले ले जाकर सबने मिलकर मारा” – मृतक की बहन
मृतक की बहन जाफरीन ने बताया कि घटना के समय वह और छोटे भाई सो रहे थे।
उन्होंने कहा—
“सबने भाई को खींचकर अकेले ले गए और मिलकर मारा। जब हम बाहर आए, मां रो रही थीं और भाई बेहोश पड़े थे।”
छह महीने पहले हुई थी शादी
मोहम्मद दानिश की शादी छह महीने पहले तबस्सुम से हुई थी। वह अपने पिता, मां और भाई के साथ घर के पास डेयरी चलाता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
पुलिस जांच जारी, दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
गुडंबा थाना प्रभारी प्रभतेश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।








