
अम्बेडकरनगर। स्व. चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद अम्बेडकरनगर में किसान सम्मान दिवस–2025 गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर लोहिया भवन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु और जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी त्र्यंबक तिवारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया।
32 प्रगतिशील कृषकों का सम्मान
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित 32 प्रगतिशील कृषकों को उनके कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और उत्पादन वृद्धि के लिए सम्मानित किया गया। अरहर में शेरबहादुर और अमरनाथ, सरसों में अमरजीत और राजाराम यादव, धान में राम आशीष और भवानी प्रसाद, गन्ना में नित्यानंद वर्मा, रचना सिंह और राहुल सिंह, दुग्ध उत्पादन में रामकुमार और विक्रांत कुमार सिंह, पशुपालन में मंशाराम यादव, नंदलाल भारती, हरिराम और राजबहादुर, मत्स्य पालन में साहबराम, नीरज, मंजू और पिंटू, केला में रणजीत, मधुमक्खी पालन में दयाशंकर, लहसुन में बेचन यादव और फूलगोभी उत्पादन में आलम खान को नकद धनराशि और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
वैज्ञानिकों ने साझा की आधुनिक कृषि तकनीकें
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने कार्यक्रम में किसानों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने उन्नत कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण, मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक उपयोग, कीट और रोग प्रबंधन, एवं नवीन अनुसंधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने किसानों से बदलते मौसम के अनुरूप कृषि कार्य करने और आधुनिक वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना था। महामाया एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग कॉलेज द्वारा लघु कृषि यंत्रों का विशेष स्टॉल लगाया गया, जहां किसानों को छोटे और उपयोगी कृषि यंत्रों के उपयोग और लाभ के बारे में बताया गया।









