नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दिल्ली कैंटोनमेंट के कैरियप्पा परेड ग्राउंड पहुंचे और नेशनल कैडेट कोर (NCC) पीएम रैली में हिस्सा लिया। रैली की थीम थी “राष्ट्र प्रथम – कर्तव्यनिष्ठ युवा”।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सबसे पहले महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “हादसे में अजित और कुछ साथ नहीं रहे, दुख की घड़ी हम उनके परिवारों के साथ हैं। अजित दादा ने महाराष्ट्र और देश के विकास में बड़ा योगदान दिया। गांवों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए हमेशा काम किया।”
एनसीसी पीएम रैली महीने भर चले एनसीसी गणतंत्र दिवस शिविर 2026 के समापन का प्रतीक है। इस रैली में देशभर से कुल 2,406 NCC कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें 898 बालिका कैडेट्स भी शामिल थीं।
इसके अलावा, भूटान, श्रीलंका, ब्राजील, नेपाल, मलेशिया समेत 20 से अधिक मित्र देशों से 200 से ज्यादा कैडेट्स और अधिकारी इस शिविर में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने परेड, मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने कैडेट्स के उत्साह और समर्पण की सराहना की।








