लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शहरवासियों को ऐशबाग इलाके में 27-मंजिला रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट “ऐशबाग स्क्वायर” के माध्यम से बड़ी आवासीय सौगात देने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट में लगभग 1900 वर्गफुट क्षेत्रफल के 384 लग्जरी फ्लैट बनाए जाएंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, फ्लैटों के लिए पंजीकरण 29 जनवरी से 28 फरवरी तक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट पर होगा। फ्लैट का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण शुल्क फ्लैट की कीमत का 5% होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5% रखा गया है।
प्राइम लोकेशन और शानदार कनेक्टिविटी
ऐशबाग स्क्वायर पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले इलाके में बनेगा। यहां से चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, अमीनाबाद, आलमबाग जैसे प्रमुख बाजारों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस प्रोजेक्ट
कुल 4 टावरों में बने इस प्रोजेक्ट में 3 बीएचके प्लस स्टडी फ्लैट होंगे। हर फ्लैट लगभग 1900 वर्गफुट का होगा और कीमत 1.11 करोड़ रुपए से शुरू होगी। सोसाइटी में स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी। इसके अलावा, निवासियों की जरूरतों के लिए परिसर में कॉमर्शियल दुकानें भी बनाई जाएंगी।








