देहरादून के विकासनगर में कश्मीरी युवकों से मारपीट का मामला

देहरादून। विकासनगर में कश्मीरी युवकों से हुई मारपीट के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना के 48 घंटे बाद आरोपी दुकानदार की पत्नी ने युवकों पर छेड़छाड़ और बदसलूकी का आरोप लगाया है।

महिला ने विकासनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि वह दुकान पर अकेली थी, तभी दो युवक सामान लेने पहुंचे। दूसरी भाषा में बात करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने सामान देने से मना कर दिया।

महिला का आरोप है कि मना करने पर दोनों युवक जबरन दुकान के अंदर घुस आए और उसका हाथ पकड़ लिया। साथ ही गंदे इशारे किए। इसी दौरान उसके पति मौके पर पहुंच गए और युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

गौरतलब है कि यह घटना बुधवार शाम की है, जब शॉल बेचने आए दो कश्मीरी युवकों पर रॉड और लाठियों से हमला किया गया था। इस हमले में एक नाबालिग युवक का हाथ टूट गया, जबकि सिर में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित युवकों ने आरोप लगाया था कि उन्हें कश्मीरी और मुस्लिम होने के कारण निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि मारपीट के दौरान कुछ लोग ‘ये कश्मीर नहीं है, इन्हें मारो’ जैसे नारे भी लगा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button