
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। पार्टी सांसद Raghav Chadha ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद पहली बार प्रतिक्रिया दी है।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा, “मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। यह आम आदमी के लिए मेरा संदेश है।” उन्होंने सवाल उठाया कि जनता के मुद्दे उठाने से पार्टी को क्या नुकसान हुआ।
वीडियो के अंत में उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि आवाज दबाने वालों के खिलाफ वह “सैलाब बनकर” सामने आएंगे। हालांकि, उन्होंने किसी नेता का नाम नहीं लिया और न ही पार्टी छोड़ने के संकेत दिए।
पार्टी ने भी दिया करारा जवाब
राघव चड्ढा के बयान के बाद पार्टी की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता Anurag Dhanda ने आरोप लगाया कि राघव सदन में पार्टी के अहम मुद्दों की बजाय “एयरपोर्ट की कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने” जैसे मुद्दे उठाते थे।
उन्होंने यह भी कहा कि राघव ने सदन में पार्टी के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था और सवाल उठाया कि “जो मोदी से डर जाए, वह देश के लिए कैसे लड़ेगा?
भगवंत मान का भी बयान
पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राघव चड्ढा को “कंप्रोमाइज्ड” बताया। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी लाइन के खिलाफ जाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।








