जल जीवन मिशन की समीक्षा: जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

जिलाधिकारी ने प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर

अम्बेडकरनगर। जल जीवन मिशन के तहत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैठक में निर्माणाधीन और संचालित सभी परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए परियोजना कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सत्यापन में विशेष ध्यान देने के बिंदु

जिलाधिकारी ने ओ एंड एम के तहत संचालित 58 परियोजनाओं का अप्रैल माह में निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार पूर्ण सत्यापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान परियोजनाओं से प्रभावित मार्गों की स्थिति, आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, पाइपलाइन लीकेज, जल की गुणवत्ता, ऑपरेटरों के मानदेय भुगतान की स्थिति और आमजन से प्राप्त फीडबैक का विशेष परीक्षण किया जाए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन और अन्य सरकारी भवनों में नल कनेक्शन की स्थिति का अनिवार्य सत्यापन किया जाए।

परियोजनाओं की प्रगति और जलापूर्ति स्थिति

बैठक में अधिशासी अभियंता, जल निगम (ग्रामीण) ने बताया कि अब तक जनपद के 328 परियोजनाओं के माध्यम से 1000 राजस्व ग्रामों में शिरोपारि जलाशय एवं पंपों के जरिए जलापूर्ति हो रही है। जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिए कि मार्च माह तक के ऑपरेटर मानदेय का भुगतान तुरंत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भुगतान में लापरवाही पाई गई तो संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

असफल परियोजनाओं पर का आश्वासन

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यदाई संस्थाओं की परियोजनाओं में प्रगति अपेक्षित स्तर की नहीं है, उनके संबंध में शासन को पत्राचार किया जाएगा। साथ ही जिन क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रारंभ हो चुकी है, वहां के सभी सरकारी संस्थानों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन सुनिश्चित किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button