पीएम मोदी का TMC पर हमला, ममता ने BJP को बताया ‘बंगाल विरोधी’

कटवा, जंगीपुर और कुशमंडी में पीएम की रैलियां; ममता बनर्जी का पलटवार, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

कोलकाता/पश्चिम बंगाल: नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान, मुर्शिदाबाद और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।

कटवा, जंगीपुर और कुशमंडी में आयोजित जनसभाओं में पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल ने हमेशा अहंकार को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले अंग्रेजों, फिर कांग्रेस और उसके बाद वामपंथियों का अहंकार जनता ने खत्म किया, और अब TMC की बारी है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बंगाल की जनता इस बार तृणमूल कांग्रेस के “अहंकार” को चकनाचूर कर देगी और राज्य में बदलाव लाएगी।

वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने झारग्राम और पश्चिम मेदिनीपुर के केशियारी में रैलियां कर भाजपा पर जोरदार पलटवार किया। ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा बंगाल विरोधी है और लोगों से अपील की कि वे उसे राज्य में प्रवेश न करने दें।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने भवानीपुर सीट से उनकी उम्मीदवारी को रद्द कराने के लिए दो झूठे हलफनामे दाखिल किए थे। ममता ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ साजिश बताया।

बंगाल में दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्माता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button