टांडा में होर्डिंग विवाद और डीजे जब्ती के बाद अफवाह से तनाव

पुलिस ने प्रतिमा क्षति की खबर को बताया भ्रामक, मौके पर भारी फोर्स तैनात

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के टांडा क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान होर्डिंग क्षतिग्रस्त होने की अफवाह फैलने से बुधवार सुबह तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटनास्थल पर किसी प्रतिमा को नुकसान नहीं पहुंचा, बल्कि झांकी में इस्तेमाल किए गए कटआउट एक ट्राली पर रखे थे।

क्षेत्राधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की बात गलत है। उन्होंने कहा कि केवल होर्डिंग और कटआउट से जुड़ी बात को गलत तरीके से फैलाया गया।

डीजे जब्ती के बाद बढ़ा विवाद

मामले की शुरुआत मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2 बजे कशमिरिया क्षेत्र के पास पुलिस कार्रवाई से हुई। ध्वनि प्रदूषण नियमों का उल्लंघन कर रहे एक डीजे को पुलिस ने जब्त कर लिया और थाने ले गई।

इसी कार्रवाई के बाद कुछ लोगों में नाराजगी देखी गई। आरोप है कि इसी नाराजगी के चलते प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की अफवाह फैलाई गई।

सुबह फैली अफवाह, जुटी भीड़

बुधवार सुबह जैसे ही अफवाह फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कुछ लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका।

शोभायात्रा और जयंती कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न

इससे पहले नगर में डॉ. आंबेडकर जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोषित समाज परिषद की अगुवाई में सुबह माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। शाम को परंपरागत मार्गों पर झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो देर रात समाप्त हुई।

शोभायात्रा के दौरान युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। डीजे की धुन पर लोग शामिल हुए, जबकि कुछ स्थानों पर तेज आवाज को लेकर असुविधा भी देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button