
अंबेडकरनगर जिले के आलापुर थाना क्षेत्र स्थित रामनगर बाजार (सिपाह) में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में कपड़ा व्यवसायी दीपचंद अग्रहरि (34) की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने किराये के मकान में बिजली की लाइन ठीक कर रहे थे।
घर में तार ठीक करते समय लगा करंट
जानकारी के अनुसार दीपचंद अग्रहरि रात करीब 11 बजे कमरे में बिजली की तार की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शादी की खुशियां बदली मातम में
परिवार में 20 अप्रैल को दीपचंद के छोटे भाई अभिषेक अग्रहरि की शादी हुई थी। घर में हाल ही में हुए इस विवाह के चलते खुशी का माहौल था। शादी के महज तीन दिन बाद हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
व्यवसायी और मिलनसार स्वभाव के थे दीपचंद
मृतक दीपचंद अग्रहरि रामनगर बाजार में कपड़े का व्यवसाय करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मिलनसार स्वभाव के थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। अचानक हुई इस घटना से व्यापारिक समुदाय में भी शोक की लहर है।









