होमगार्ड भर्ती परीक्षा: डीएम-एसएसपी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

17 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई परीक्षा

मथुरा। उ०प्र० पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न और नकल विहीन सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सेठ बी.एन. पोद्दार इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। कंट्रोल रूम से सभी कक्षों में चल रही परीक्षा की निगरानी की गई। डीएम ने बायोमेट्रिक स्टाफ को निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही, बढ़ती गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा केंद्र के आसपास सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो सके।
जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 7104 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही है।
25 अप्रैल को प्रथम पाली में 5549 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1555 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 5532 अभ्यर्थी उपस्थित और 1572 अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में उपस्थिति 78.11 प्रतिशत तथा द्वितीय पाली में 77.87 प्रतिशत दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button