
- शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों लोग
- अनियंत्रित ट्रक ने अंगरासी मोड़ पर मारी टक्कर
- मौके पर ही मां, बेटे और मामी की मौत
सीतापुर जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं। सीतापुर-गोला मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, रामकोट थाना क्षेत्र के अरथाना गांव निवासी हिमांशु पांडेय (25) अपनी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता (45) पत्नी जयशंकर बाजपेई के साथ बाइक से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। रविवार सुबह जब उनकी बाइक कचनार चौकी क्षेत्र के ककरहा के पास अंगरासी मोड़ पर पहुंची, तभी सीतापुर से गोला की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच जारी है।









