
- प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहला जिला दौरा
- लोहिया भवन में संगठनात्मक बैठक, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
- महिला सशक्तिकरण और केंद्र की योजनाओं पर दिया जोर
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में रविवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का एक दिवसीय दौरा रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला जिला आगमन था। अकबरपुर के गोहन्ना चौराहे सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
लोहिया भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं से ही बनती है। हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक एकजुटता जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर कार्यकर्ता ठान लें, तो कोई लक्ष्य कठिन नहीं होता।
मन की बात कार्यक्रम भी सुना
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री के मन की बात के 133वें एपिसोड को सुना। इसके बाद संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां हर कार्यकर्ता को अवसर मिलता है।
महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत आरक्षण महिलाओं का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर राजनीति कर रहा है। इससे महिलाओं में नाराजगी है।
विपक्ष पर साधा निशाना
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कुछ दल अपनी नीतियों से भटक गए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी टिप्पणी की। कहा कि पार्टी के अंदर ही असंतोष दिख रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा मजबूत स्थिति में है और आगामी चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।









