
- लखनऊ में तापमान 44°C तक पहुंचने का अनुमान
- नगर निगम ने बनाए कूलिंग पॉइंट, पानी और गुड़ की व्यवस्था
- ट्रांसफॉर्मर ओवरहीट, पंखों से ठंडा करने की कोशिश
- कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या
लखनऊ। राजधानी में सोमवार सुबह से तेज धूप के साथ भीषण गर्मी का असर देखने को मिला। तापमान तेजी से बढ़ते हुए 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने शहर के प्रमुख इलाकों लालबाग और 1090 चौराहे पर कूलिंग पॉइंट बनाए हैं। यहां तंबू लगाकर कूलर और पंखों की व्यवस्था की गई है। साथ ही राहगीरों के लिए घड़े में ठंडा पानी और गुड़ रखा गया है, ताकि लोग कुछ देर रुककर राहत महसूस कर सकें।
भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर ओवरहीट हो रहे हैं, जिन्हें ठंडा रखने के लिए उनके सामने पंखे लगाए गए हैं। वहीं, कुछ स्थानों पर लो वोल्टेज की समस्या सामने आई है। अधिकारियों ने अर्थिंग में पानी डालने की व्यवस्था कराई है और लोगों को बिना सलाह के ऐसा न करने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। आर्द्रता भी 17 से 51 प्रतिशत के बीच रही।
हालांकि, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 अप्रैल से मौसम बदलना शुरू होगा और इसका असर धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है।









