क्यों उखाड़े गए स्मार्ट मीटर?

क्या है बिजली बिल विवाद और कैसे सड़कों पर उतरे लोग

  • तेज बिल और बैलेंस कटने को लेकर नाराजगी
  • ग्रामीणों का धरना, पुलिस मौके पर पहुंची
  • सरकार के नए आदेश के बाद भी विरोध जारी

आगरा। आगरा में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को शहर से करीब 20 किमी दूर अकोला कस्बे में सैकड़ों महिलाओं ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर बिजली विभाग के कार्यालय पर फेंक दिए।

महिलाएं सिर पर मीटर रखकर जुलूस की तरह ऑफिस पहुंचीं और वहां मीटर पटककर अपना गुस्सा जाहिर किया। कई ग्रामीण बोरे में भरकर मीटर लेकर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

क्यों हो रहा है विरोध?

ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर तेजी से चल रहा है, जिससे कम बिजली इस्तेमाल करने पर भी ज्यादा बिल आ रहा है। कई लोगों ने शिकायत की कि बिना उपयोग के भी बैलेंस कम हो जाता है और माइनस होते ही बिजली सप्लाई तुरंत काट दी जाती है।

लोगों का कहना है कि रिचार्ज करने के बाद भी कई बार बिजली बहाल होने में देरी होती है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।

सरकार का नया आदेश

स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध के बीच सरकार ने हाल ही में नया आदेश जारी किया है। इसके अनुसार—

  • 1 किलोवाट तक के कनेक्शन पर 30 दिन तक बिजली नहीं काटी जाएगी
  • 2 किलोवाट कनेक्शन पर 200 रुपए तक माइनस होने पर भी सप्लाई जारी रहेगी

इसके बावजूद लोगों का आक्रोश कम होता नजर नहीं आ रहा है और स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button