
- ग्रामीणों ने बाल्टी और पंप से बुझाई आग
- घर का सामान जलकर राख
- अनाज, कपड़े और फर्नीचर पूरी तरह नष्ट
- पीड़ित परिवार को लाखों का नुकसान
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के कटका थाना क्षेत्र के मंजीरा पुरवे गांव में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। लाले निषाद के घर में करीब रात 2 बजे शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग की शुरुआत हुई। इसके बाद आग तेजी से फैलती गई और घर के अंदर रखा सामान जलने लगा।
ग्रामीणों ने बाल्टी-पंप से बुझाई आग
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि तब तक घर में रखा अधिकतर सामान जलकर राख हो चुका था। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि घर का कोई हिस्सा सुरक्षित नहीं बच सका।
अनाज, कपड़े और फर्नीचर जलकर राख
पीड़ित लाले निषाद ने बताया कि आग से घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
रात के समय अचानक हुई इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
राजस्व टीम ने किया नुकसान का आकलन
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया।









