अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश ने संगठनात्मक विस्तार के तहत गुरुवार को अपनी 64 सदस्यीय नई टीम की घोषणा की। इस सूची में अंबेडकरनगर जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी को अवध क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति को संगठन में लंबे समय से चली आ रही सक्रियता और जमीनी कार्य का परिणाम माना जा रहा है।
भीटी तहसील के दुबाने के पुरवा से संगठन की शीर्ष जिम्मेदारी तक
अवधेश द्विवेदी जनपद के भीटी तहसील अंतर्गत दुबाने के पुरवा गांव के निवासी हैं। वे पिछले तीन दशकों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और संगठन के विभिन्न स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पहचान एक समर्पित और लगातार सक्रिय रहने वाले नेता के रूप में रही है।
1991 से भाजपा संगठन से जुड़ा लंबा सफर
जानकारी के अनुसार अवधेश द्विवेदी वर्ष 1991 में भाजपा से जुड़े थे। उस समय वे तत्कालीन विधायक एवं मंत्री अनिल तिवारी के साथ संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े। इसके बाद से उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में लगातार भूमिका निभाई।
विधानसभा चुनावों में भी आजमाई किस्मत
अवधेश द्विवेदी को पार्टी ने वर्ष 2017 में कटेहरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। हालांकि उस चुनाव में उन्हें बहुजन समाज पार्टी के लालजी वर्मा से पराजय का सामना करना पड़ा। बसपा प्रत्याशी ने यह चुनाव 6,287 मतों के अंतर से जीता था।
इसके बाद वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी वे कटेहरी सीट से भाजपा गठबंधन (निषाद पार्टी) के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे, लेकिन इस बार भी उन्हें लगभग छह हजार मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।









