अंबेडकरनगर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में तैनात वरिष्ठ सहायक विनय कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ लगाए गए वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। मामले में एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की ओर से भेजे गए शिकायत पत्र को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री को भेजा गया था शिकायत पत्र
एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया है कि संयुक्त जिला चिकित्सालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक विनय कुमार श्रीवास्तव ने दीपावली पर मिलने वाले बोनस का लगातार पांच माह तक भुगतान लेकर सरकारी धन का गबन किया है। शिकायत में इस मामले की विभागीय जांच कराने और संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।
शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। जिलाधिकारी ने तथ्यों की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
जांच समिति करेगी सभी अभिलेखों की पड़ताल
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जांच समिति बोनस भुगतान से जुड़े अभिलेखों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं। समिति अपनी जांच पूरी करने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी।









