- श्रवण धाम में 15 हजार से अधिक दीप जले
- प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने किया शुभारंभ
- जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगी
अंबेडकरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार शाम श्रवण धाम स्थित त्रिवेणी संगम घाट 15 हजार से अधिक दीपों से जगमगा उठा। शाम सात बजे आयोजित दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों ने सहभागिता की। दीपों की रोशनी से घाट और आसपास का परिसर रोशन हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा और भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप देव पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
दीपों के बीच योजनाओं की प्रदर्शनी का शुभारंभ
श्रवण धाम में सूचना विभाग की ओर से प्रदेश स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और परियोजनाओं की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रभारी मंत्री ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।
श्रवण धाम में किया गया पौधरोपण
दीप प्रज्ज्वलन के बाद प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रवण धाम परिसर में पौधरोपण किया।
जिलेभर में जले 4.34 लाख से अधिक दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जहांगीरगंज में ब्रह्मचारी बाबा, रामनगर में अहिरौली गोविंद साहब, अकबरपुर में निहालदास बाबा कुटिया, भियांव में जगतदेव बाबा, जलालपुर में झारखंड बाबा मंदिर, टांडा में महादेव डुहिया, भीटी में काली चौरा मंदिर व शिव मंदिर और बसखारी में हंसवर दुर्गा मंदिर समेत विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए गए।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/pezeshkian-us-arrest-unga/
जिले में कुल 4 लाख 34 हजार 200 से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाने की जानकारी दी गई। अभियान के तहत प्रमुख घाटों, मंदिरों, पार्कों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में भी कार्यक्रम हुए।









