अंबेडकरनगर में जेवर साफ करने के बहाने टप्पेबाजी

छह महिलाओं से लाखों के गहने लेकर फरार

  • अकबरपुर के अब्दुल्लापुर गांव की घटना
  • बर्तन साफ कर पहले जीता महिलाओं का भरोसा
  • छह महिलाओं से पायल, सीकड़ और अन्य जेवर लिए

अंबेडकर नगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र के अब्दुल्लापुर गांव में सोना-चांदी साफ करने का झांसा देकर टप्पेबाजी की बड़ी घटना सामने आई है। आरोप है कि दो महिलाओं ने गांव की छह महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनके सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गईं। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहले बर्तन साफ कर बनाया भरोसा, फिर दिया जेवर चमकाने का झांसा

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, दोनों महिलाएं दो दिन पहले अब्दुल्लापुर गांव पहुंची थीं। उन्होंने ग्रामीणों से पुराने पीतल और अन्य धातु के बर्तन साफ करने की बात कही।

बताया जा रहा है कि बर्तन साफ करने के बाद दोनों महिलाओं ने ग्रामीणों का विश्वास हासिल कर लिया। इसके बाद गुरुवार को वह दोबारा गांव पहुंचीं और इस बार सोना-चांदी के जेवर साफ करने का दावा किया।

छह महिलाओं ने दिए पायल, सीकड़ और अन्य आभूषण

दोनों महिलाओं की बातों पर भरोसा कर गांव की छह महिलाओं ने अपने जेवर साफ कराने के लिए उन्हें दे दिए। पीड़ित महिलाओं के अनुसार, इनमें पायल, सीकड़ और अन्य सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे।

आरोप है कि जेवर साफ करने के बहाने दोनों महिलाओं ने आभूषण अपने पास रख लिए और मौका मिलते ही वहां से फरार हो गईं। कुछ देर बाद जब महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया।

सरिता, लाली और मालती समेत अन्य महिलाओं ने दी जानकारी

घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पीड़ित महिलाओं सरिता चौरसिया, लाली चौरसिया और मालती सहित अन्य महिलाओं ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button