ग्रेटर नोएडा में 6 साल के मासूम की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत

क्रिकेट खेलते समय 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरा बच्चा

  • अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
  • लापरवाही पर ठेकेदार समेत तीन लोगों पर FIR
  • ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठेकेदार की सेवाएं समाप्त कीं

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय आव्यान की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। शनिवार शाम वह घर के बाहर दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेलते-खेलते वह गड्ढे के पास पहुंचा और कीचड़ में फिसलकर उसमें गिर गया।

बच्चों के शोर पर पहुंचे लोग

साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को गड्ढे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के पिता शिवान यादव केंद्रीय विद्यालय में वाइस प्रिंसिपल हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की तबीयत भी बिगड़ गई, जबकि परिजन इस हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बिना बैरिकेडिंग के खुला छोड़ दिया गया था गड्ढा

जानकारी के अनुसार, जिस करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में बच्चा गिरा, उसे ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण ने बोरिंग कार्य के लिए खुदवाया था। बारिश का पानी भर जाने के बावजूद वहां सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग नहीं की गई थी, जिससे यह हादसा हुआ।

ठेकेदार समेत तीन लोगों पर कार्रवाई

घटना के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ठेकेदार मनोज जैन, सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। तीनों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं और गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई। पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है।

स्थानीय लोगों ने बताया हादसे का घटनाक्रम

सोसाइटी निवासी प्रांजल ने बताया कि बच्चे के साथ खेल रहे दोस्तों ने दौड़कर मदद मांगी। मौके पर पहुंचने पर गड्ढे के पास बच्चे का जूता मिला। पाइप की मदद से लोग पानी में उतरे और करीब 5 से 10 मिनट की तलाश के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button