लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बस सेवा शुरू

1 घंटे 45 मिनट में पूरा होगा सफर

  • आज से ‘ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे’ बसों का संचालन
  • सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक मिलेगी सेवा
  • प्रति यात्री 151 रुपए तय किया गया किराया
  • यात्रियों के लिए कंट्रोल रूम नंबर भी जारी

लखनऊ। लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए सोमवार से नई रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर बसों का संचालन शुरू किया है। ‘ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे’ नाम से शुरू की गई यह सेवा फिलहाल आलमबाग बस टर्मिनल से संचालित होगी।

सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक सेवा

रोडवेज के लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि पहली बस सुबह 7 बजे और दूसरी बस सुबह 8 बजे आलमबाग बस टर्मिनल से रवाना होगी। इसके बाद यात्रियों की सुविधा के लिए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नियमित बसों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

1 घंटे 45 मिनट में पूरा होगा सफर

नई बस सेवा के जरिए लखनऊ से कानपुर के बीच करीब 90 किलोमीटर की दूरी लगभग 1 घंटे 45 मिनट में पूरी की जा सकेगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और आरामदायक होगी।

151 रुपए रखा गया किराया

एक्सप्रेसवे पर अधिक टोल शुल्क को देखते हुए इस रूट पर प्रति यात्री 151 रुपए किराया निर्धारित किया गया है। रोडवेज का कहना है कि तेज और बेहतर यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह किराया तय किया गया है।

शिकायत और सुझाव के लिए कंट्रोल रूम

यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यात्री लखनऊ क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 8726005808 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं या सुझाव दे सकते हैं। रोडवेज ने यात्रियों से नई सेवा का लाभ उठाने और फीडबैक देने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button