1 अगस्त से राजाजीपुरम-BBD के बीच दौड़ेंगी AC इलेक्ट्रिक बसें

रोजाना 3 हजार यात्रियों को होगा फायदा

  • लखनऊ में शुरू होगी नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा
  • राजाजीपुरम से बीबीडी तक मिलेगा सीधा सफर
  • 15 बसें सुबह 7 से शाम 7 बजे तक चलेंगी
  • हर 30 से 45 मिनट पर मिलेगी बस

लखनऊ। राजधानी में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट एक अगस्त से राजाजीपुरम बस स्टेशन से बीबीडी तक नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा से शहर के पश्चिमी हिस्से से पूर्वी क्षेत्र तक यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।

दुबग्गा सिटी बस डिपो के एआरएम डीके गर्ग ने बताया कि इस रूट पर 15 एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। बसें प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगी। यात्रियों को हर 30 से 45 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध होगी। इस रूट पर कुल 12 बस स्टॉप बनाए गए हैं।

सिटी ट्रांसपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, पहले मार्ग संख्या-7 पर यात्रियों की संख्या कम होने और उसका अधिकांश हिस्सा मेट्रो रूट के समानांतर होने के कारण उस सेवा को बंद कर दिया गया था। अब उसकी जगह ऐसा नया रूट तैयार किया गया है, जो मेट्रो से अलग क्षेत्रों को जोड़ता है। इस नई बस सेवा से प्रतिदिन करीब 3 हजार यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button