वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और इजराइल के ईरान के ऊर्जा ढांचे पर बड़े हमले की तैयारी की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस सप्ताह बिजली संयंत्रों और तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया जा सकता है। वहीं, ईरान ने भी किसी भी हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी है।
ट्रम्प बोले- जोरदार हमला करेंगे
रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को कैंप डेविड में हुई कैबिनेट बैठक में संभावित सैन्य कार्रवाई पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ईरान पर जोरदार हमला करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें ईरान पर अब भरोसा नहीं रहा क्योंकि वह बातचीत के बावजूद अपने वादे तोड़ता है।
ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यदि अमेरिका हमला करता है तो उसका पूरी तैयारी के साथ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जवाबी कार्रवाई में अमेरिका और इजराइल के महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाएगा।
अन्य प्रमुख घटनाक्रम
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत कर कारोबारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सरकार के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें 10 नाविक शामिल हैं।
अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने मिसाइल भंडार दोबारा भरने के लिए 18.2 अरब डॉलर की आपात फंडिंग मांगी है।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, इराक में हालिया हमलों में मारे गए IRGC के पांच सदस्यों के शव ईरान लाए गए हैं।









