अम्बेडकरनगर। तमसा नदी के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला और उसके दो छोटे बच्चों को सुरक्षित संरक्षण देने तथा परिजनों से मिलाने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस कर्मियों की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला अपने दो छोटे बच्चों के साथ तमसा नदी के किनारे संदिग्ध अवस्था में घूम रही है। सूचना मिलते ही पीआरवी 2डब्ल्यू पर तैनात आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी मानवेंद्र पाल ने मिशन शक्ति टीम, थाना अहिरौली से समन्वय स्थापित किया और तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी। इसके बावजूद टीम ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया।
थाना इनायतनगर के माध्यम से महिला के परिजनों को तत्काल सूचना दी गई। इस दौरान महिला और दोनों बच्चों के भोजन की व्यवस्था भी पुलिस ने कराई। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला और बच्चों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्य में मिशन शक्ति थाना अहिरौली के उपनिरीक्षक इंद्रेश कुमार, आरक्षी अर्जुन राजभर, आरक्षी पवन चौहान, महिला आरक्षी उज्ज्वला सिंह और महिला आरक्षी अनुष्का पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पीआरवी पर तैनात आरक्षी धीरज सिंह और आरक्षी मानवेंद्र पाल ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की।









