पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में आग लगा दी और देखते ही देखते हिंसा फैल गई।
फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने पहुंची, लेकिन भीड़ ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उपद्रवियों ने दो पुलिस वाहनों, बसों और बाइक समेत करीब 10 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में भी आग लगा दी गई और नेशनल हाईवे-30 पर जाम लगा दिया गया। इस दौरान कुछ पत्रकारों के साथ भी मारपीट की गई।
हादसे का शिकार हुई बस पश्चिम बंगाल से पटना आ रही थी। बस में सवार यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी रहीं।
ASP राज कुमार सिंह ने बताया कि युवक मनीष कुमार सड़क पार करते समय बस की चपेट में आ गए थे। घटना के बाद भीड़ में शामिल उपद्रवी तत्वों ने हिंसा और आगजनी की। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थिति को देखते हुए 9 थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है।









