देशभर में भारी बारिश, कई शहर जलमग्न

जयपुर में 3-4 फीट पानी भरा, डिंडौरी में नर्मदा के 2 पुल डूबे; दिल्ली में 8 दिन में महीनेभर से ज्यादा बारिश

देश के कई राज्यों में मानसून की तेज बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और नगालैंड तक भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हुआ है। कई जगह सड़कें और पुल पानी में डूब गए हैं।

राजस्थान में भारी बारिश से जलभराव

राजस्थान के जयपुर में रविवार सुबह 6 से 9 बजे तक लगातार बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में सड़कों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया और कई घरों में भी पानी घुस गया। चूरू में भी कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं।

डिंडौरी में 6 इंच बारिश, नर्मदा उफान पर

मध्य प्रदेश के डिंडौरी में शनिवार रात 9 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक करीब 6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के बाद नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। नर्मदा और जोगी-टिकारिया पुल भी पानी में डूब गए।

दिल्ली में 8 दिन में महीनेभर से ज्यादा बारिश

दिल्ली में अगस्त के शुरुआती 8 दिनों में ही 230.1 मिमी बारिश हो चुकी है। यह अगस्त की सामान्य औसत बारिश 226.8 मिमी से ज्यादा है। अगस्त में 2024 के बाद यह सबसे ज्यादा बारिश बताई जा रही है। शनिवार को कालिंदी कुंज बॉर्डर, ITO और प्रेस एन्क्लेव मार्ग समेत कई इलाकों में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम रहा।

गोंदिया में फिर तेज बारिश

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में दो दिन के ब्रेक के बाद एक बार फिर तेज बारिश शुरू हो गई। आधी रात से लगातार बारिश के कारण कई नदियां और नाले उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

नगालैंड में बाढ़, करंट लगने से छात्र की मौत

नगालैंड के दीमापुर जिले में लगातार भारी बारिश के कारण शनिवार को कई निचले इलाकों में पानी भर गया। एक कॉलेज के फाइनल ईयर के छात्र की घर में पानी घुसने के बाद करंट लगने से मौत हो गई।

SDRF ने बाढ़ में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें दो बच्चे और एक बुजुर्ग भी शामिल थे। रिवर बेल्ट कॉलोनी के एक हॉस्टल से चार छात्रों और होली क्रॉस स्कूल इलाके में फंसे पांच लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button