लखनऊ में वैन की चपेट में आई 3 साल की बच्ची, इलाज के दौरान मौत

घर के बाहर खेलते समय हादसा, परिवार का युवक वैन पीछे कर रहा था; पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

 लखनऊ। लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान 3 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी मारुति वैन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। शनिवार को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, हादसा उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के रतौला गांव में हुआ। किशन पाल की 3 वर्षीय बेटी रूही शनिवार सुबह करीब 8 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान परिवार का ही एक युवक कहीं जाने के लिए मारुति वैन पीछे कर रहा था। तभी बच्ची वैन के टायर की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद परिजन बच्ची को सुबह करीब 10 बजे बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे रूही ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बंथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआत में बच्ची के परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था। बाद में वे इसके लिए तैयार हो गए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची के परिजनों ने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button