अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में शनिवार सुबह विवाहिता की संदिग्ध मौत से मामला उलझ गया। 29 वर्षीय अंतिमा जायसवाल का शव घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है। वहीं मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाकर मौत की जांच की मांग की है।
ससुर विश्राम के मुताबिक सुबह करीब चार बजे उनकी नजर बरामदे में फंदे से लटकी अंतिमा पर पड़ी। उस समय परिवार के लोग सो रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौत से एक रात पहले मां से हुई थी फोन पर बात
भाई हरिनाथ के मुताबिक घटना से एक दिन पहले रात करीब 10 बजे अंतिमा ने मां रामलली से फोन पर बात की थी। बातचीत में उसने पैर में सूजन और ससुराल में ज्यादा काम कराए जाने की बात कही थी। भाई का आरोप है कि मायके आने के बाद भी उसे वापस ससुराल बुला लिया जाता था।
परिजनों के अनुसार अंतिमा और ससुराल पक्ष के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हालांकि, मौत की वजह को लेकर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
2018 में हुई थी शादी
अंतिमा की शादी 19 जून 2018 को मोहिउद्दीनपुर निवासी विपिन जायसवाल से हुई थी। वह भीटी थाना क्षेत्र के रिउना गांव की रहने वाली थीं।









