
वॉशिंगटन। अमेरिका और कनाडा के बीच तीन दिन तक चली व्यापार वार्ता किसी समझौते तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर (लगभग 1.9 लाख करोड़ रुपये) के सामान पर 50% टैरिफ लागू कर दिया है। यह टैरिफ कनाडा से अमेरिका भेजे जाने वाले कुल सामान का करीब 5% है।
दोनों देशों के अधिकारियों के बीच वॉशिंगटन डीसी में व्यापार समझौते को लेकर लगातार बातचीत हुई, लेकिन कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कार्नी बोले- अमेरिका जितना लगाएगा, कनाडा उतना ही जवाब देगा
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि अमेरिका की ओर से जितना टैरिफ लगाया जाएगा, कनाडा भी उसी अनुपात में जवाब देगा। इससे दोनों देशों के बीच पहले से चल रहा व्यापार तनाव और बढ़ने की आशंका है।
अमेरिका ने कहा- कनाडा ने बड़ा मौका गंवा दिया
ट्रेड डील विफल होने के बाद अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने सोशल मीडिया पर कहा कि कनाडा ने अमेरिका के साथ बेहतर साझेदारी का महत्वपूर्ण अवसर गंवा दिया। USTR के अनुसार, अमेरिका ने कनाडा को बड़े एक्सपोर्टर्स की तुलना में बेहतर प्रस्ताव दिया था, लेकिन कनाडा की नई मांगों और पहले किए गए वादों से पीछे हटने के कारण समझौता नहीं हो सका।
अमेरिका के मुताबिक, समझौता होने पर एयरोस्पेस सप्लाई चेन, खनिजों पर सहयोग, गलत व्यापारिक गतिविधियों से निपटने और USMCA से जुड़ी बातचीत में प्रगति हो सकती थी।









