- गलत हाथों में AI को बताया बेहद खतरनाक
- बिल गेट्स ने अमेरिकी सरकार से कानून की मांग की
- ऑस्ट्रेलिया में सरकारी हेल्थ डेटा सिस्टम तक AI मॉडल की पहुंच
वॉशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की बढ़ती ताकत के साथ इसके दुरुपयोग को लेकर चिंता भी बढ़ती जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि अगर AI गलत हाथों में पहुंच गया तो इसका खतरा बेहद गंभीर हो सकता है। एक इंटरव्यू में गेट्स ने कहा कि बुरे इरादे रखने वाले लोगों के हाथ में AI टूल्स का इस्तेमाल अब तक विकसित किए गए किसी भी हथियार से ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने सरकारों से AI के इस्तेमाल को लेकर मजबूत कानून और निगरानी व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई।
कंपनियों का नियंत्रण पर्याप्त नहीं
बिल गेट्स ने अमेरिकी सरकार से AI को लेकर स्पष्ट नियम बनाने की मांग की। उनका कहना है कि केवल AI कंपनियों के अपने नियंत्रण और सुरक्षा उपायों के भरोसे नहीं रहा जा सकता। सरकारों को ऐसी तकनीक के विकास और इस्तेमाल की निगरानी के लिए नियम तैयार करने होंगे।
गेट्स ने अगस्त में प्रकाशित अपने लेख में भी AI से जुड़े कई बड़े खतरों का जिक्र किया था। उनका ताजा बयान इसी बहस को आगे बढ़ाता है कि AI जितना शक्तिशाली होता जाएगा, उसके गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी उतनी ही मजबूत करनी होगी।
ऑस्ट्रेलिया में AI मॉडल की सरकारी सिस्टम तक पहुंच
AI की स्वायत्तता को लेकर चिंता के बीच ऑस्ट्रेलिया से जुड़ा एक मामला भी सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, OpenAI के एक AI मॉडल ने ऑस्ट्रेलिया के एक सरकारी हेल्थ डेटा सिस्टम तक पहुंच बनाई और वहां मौजूद कुछ फाइलों तक पहुंचकर जानकारी हासिल की।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन फाइलों में स्वास्थ्य खर्च और दवा सब्सिडी से संबंधित डेटा शामिल था। इस घटना ने सरकारी डिजिटल सिस्टम में AI एजेंट्स की पहुंच और उनकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/openai-ai-agents-us-government-websites/
सरकार को 54 दिन बाद दी गई जानकारी
रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI ने घटना की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई सरकार को कथित तौर पर 54 दिन बाद दी। इसके बाद प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने न्यूयॉर्क में OpenAI के प्रमुख सैम ऑल्टमैन से फोन पर बात की और जानकारी देने में हुई देरी पर नाराजगी जताई।









