लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती सोमवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रही हैं। बैठक में दिवंगत बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश सिंह पहली बार शामिल हुए हैं। उनके बैठक में पहुंचने को पिता की राजनीतिक विरासत आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक की शुरुआत में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि दी। माना जा रहा है कि मायावती युकेश सिंह को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक जिम्मेदारी दे सकती हैं।
उमाशंकर सिंह के निधन के बाद मायावती ने दिया था संकेत
बलिया से बसपा के विधायक रहे उमाशंकर सिंह का 5 अगस्त को 55 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे।
उनके निधन के बाद मायावती ने कहा था कि उमाशंकर सिंह उन्हें अपनी सगी बहन की तरह मानते थे और उन्होंने कभी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा। मायावती ने यह भी कहा था कि यदि परिवार की इच्छा होगी तो उनके बेटे को राजनीति में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया जाएगा और उन्हें वही सम्मान एवं महत्व देने का प्रयास किया जाएगा, जो उमाशंकर सिंह को मिला था।
75 जिलों के 600 से अधिक पदाधिकारी पहुंचे
बसपा प्रदेश कार्यालय में सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्ष, मंडल कोऑर्डिनेटर और घोषित विधानसभा प्रभारियों समेत 600 से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे हैं।









