अंबेडकरनगर। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल के सोमवार को जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 161 किमी से भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन तक जगह-जगह स्वागत किया। फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नारों के बीच उनका अभिनंदन किया। उनके साथ नवनियुक्त भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अंकित सिंह चंदेल का भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
इसके बाद अटल भवन में भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की जिला कार्यशाला हुई। मुख्य अतिथि दिलीप पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन की पहचान केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। सेवा, समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना संगठन के कार्यों का आधार है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क बढ़ाने और सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को कहा। साथ ही सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से संगठन का जनसंपर्क मजबूत होता है।
कार्यकर्ताओं से अभियान में जुटने का आह्वान
भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। संचालन जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव ने किया।









