- सैकड़ों थार और फॉर्च्यूनर खुले मैदान में कतार से खड़ी की गईं
- पोस्टर लेकर वाहन मालिकों और ड्राइवरों ने लगाया मैदान का चक्कर
- कलेक्टर ने तेज रफ्तार, स्टंट और नशे में ड्राइविंग न करने की दिलाई शपथ
दमन में सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। खुले मैदान में सैकड़ों थार और फॉर्च्यूनर गाड़ियां कतार में खड़ी की गईं। इन वाहनों के मालिक और ड्राइवर हाथों में सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश वाले पोस्टर लेकर मैदान का चक्कर लगाते नजर आए। कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पोस्टरों में दिया गया खास संदेश
कार्यक्रम के दौरान लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर थे, जिन पर वाहन चलाने के दौरान जिम्मेदारी बरतने का संदेश दिया गया। पोस्टरों पर लिखा था- ‘थार और फॉर्च्यूनर्स गुंडागर्दी दिखाने की गाड़ी नहीं’ और ‘भाईगिरी कूल गिरी नहीं।’ इन संदेशों के जरिए सड़क पर बड़े और दमदार वाहनों का इस्तेमाल लापरवाही या दबंगई दिखाने के लिए न करने की अपील की गई।
कलेक्टर ने दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
जिला कलेक्टर सौरभ मिश्रा की ओर से यह कार्यक्रम 9 सितंबर को कराया गया। कार्यक्रम के दौरान वाहन मालिकों और ड्राइवरों को सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने का संकल्प दिलाया गया। सभी ने हिंदी में सड़क सुरक्षा की शपथ ली।
तेज रफ्तार और लापरवाही से बचने का संकल्प
शपथ के दौरान वाहन चालकों ने कहा कि वे तेज रफ्तार में गाड़ी नहीं चलाएंगे और ड्राइविंग में किसी तरह की लापरवाही नहीं करेंगे। सड़क पर अपनी गाड़ी से स्टंट, रेसिंग या ड्रिफ्टिंग नहीं करने का भी संकल्प लिया गया। साथ ही, दूसरों को भी इस तरह की गतिविधियां करने से रोकने की बात कही गई।
नशे में ड्राइविंग नहीं करने की शपथ
कार्यक्रम में वाहन चालकों ने नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने का भी संकल्प लिया। सड़क पर खुद की और दूसरे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।









