अम्बेडकरनगर। जिले में धान खरीद की प्रक्रिया एक नवंबर 2026 से शुरू होगी। किसानों से धान खरीद के लिए कुल 99 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश संबंधित क्रय एजेंसियों को दिए हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी गौरख नाथ पांडेय ने बताया कि स्वीकृत केंद्रों में खाद्य विभाग के 42, पीसीएफ के 35, पीसीयू के 19, मंडी समिति के दो और भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल है।
केंद्र प्रभारियों की जल्द होगी तैनाती
सभी क्रय एजेंसियों को अपने केंद्रों पर प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही धान की खरीद के लिए नमी मापक यंत्र, वजन मशीन और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने को कहा गया है।
एजेंसियों को केंद्र प्रभारियों की पूरी सूची और सभी केंद्रों का रूट चार्ट भी उपलब्ध कराना होगा। इससे खरीद केंद्रों की निगरानी के साथ किसानों को अपने नजदीकी केंद्र की जानकारी मिल सकेगी।
खरीद केंद्रों पर बनेगा हेल्पडेस्क
अधिकारियों के अनुसार, किसानों की सुविधा के लिए क्रय केंद्रों पर हेल्पडेस्क की व्यवस्था की जाएगी। यहां किसान धान खरीद से संबंधित अपनी समस्याओं और जानकारी के लिए संपर्क कर सकेंगे।
शासन के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी स्तर से भी सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।









