मड़ियांव में मामूली टक्कर के बाद खूनी विवाद, चाकू से हमला; बुजुर्ग की मौत

  • मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुआ विवाद
  • पोते को बचाने पहुंचे 65 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से कई वार
  • ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित किया
  • पोते की हालत गंभीर, आरोपी कबाड़ी मौके से फरार

लखनऊ। मड़ियांव में शनिवार को मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हादसा मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे हुआ। हमले में बुजुर्ग का पोता भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

ठेले से टक्कर के बाद हुआ विवाद

आनंद हॉस्पिटल के पीछे भरत नगर, मड़ियांव निवासी मगन बिहारी तिवारी (65) नगर निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने पोते संकल्प तिवारी के साथ बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे।

मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे उनकी बाइक की एक कबाड़ी के ठेले से टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।

पोते पर चाकू से हमला

बहस के दौरान कबाड़ी ने कथित तौर पर संकल्प तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया। पोते को बचाने के लिए मगन बिहारी तिवारी आगे आए तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से कई वार किए। पेट और सीने पर गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हुआ आरोपी

पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

वहां डॉक्टरों ने मगन बिहारी तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके पोते संकल्प तिवारी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button