- फर्जी कॉल के बाद एयरपोर्ट पर चला सघन तलाशी अभियान
- घंटों जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
- पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी
लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बम होने की फर्जी सूचना देने वाले आरोपी को पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय श्याम सुंदर के रूप में हुई है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोबाइल नंबर से हुई पहचान
सरोजनी नगर थाने के उप निरीक्षक निशु चौधरी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से मोबाइल नंबर ट्रेस किया, जिसकी लोकेशन कानपुर मिली। इसके बाद पुलिस ने कानपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी सूचना से मचा हड़कंप
शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे डायल-112 पर कॉल कर लखनऊ एयरपोर्ट पर बम होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और एयरपोर्ट पर आपात सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
घंटों चला सर्च ऑपरेशन
बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और सीआईएसएफ की टीमों ने एयरपोर्ट परिसर, कार्गो टर्मिनल और सभी प्रवेश द्वारों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की गई।
जांच में नहीं मिला कोई खतरा
करीब एक घंटे तक चली सघन जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सूचना को फर्जी घोषित किया। हालांकि एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने फर्जी सूचना क्यों दी और उसके पीछे कोई अन्य मकसद तो नहीं था।









