अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर भितरी में चोरों ने एक दुकान का ताला तोड़कर करीब 50 हजार रुपये का सामान और नकदी पार कर दी। घटना रामदास मड़ैया के पास की है। शनिवार सुबह दुकान का शटर टूटा मिलने पर वारदात की जानकारी हुई।
दुकान मालिक ओमकार के मुताबिक, चोरों ने शटर का ताला तोड़ने के बाद ईंट की मदद से शटर को आधा उठाया। इसके बाद दुकान में घुसकर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए।
नकदी और डीजे उपकरण ले गए चोर
ओमकार की दुकान पर डीजे और चाय का कारोबार होता है। उनके अनुसार, दुकान से करीब 18 से 20 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा डीजे का मिक्सर, माइक और मशीन समेत अन्य उपकरण भी गायब हैं।
दुकान में रखा करीब 12 हजार रुपये कीमत का गुटखा और अन्य सामान भी चोर ले गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई है।
सुबह छह बजे मिली चोरी की जानकारी
शनिवार सुबह करीब छह बजे आसपास के लोगों ने दुकान का शटर टूटा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी दुकान मालिक को दी। इसके बाद ओमकार ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।









