BRICS समिट के बीच राहुल गांधी से मिले मलेशियाई PM अनवर इब्राहिम

ब्रेकफास्ट पर हुई राहुल गांधी से मुलाकात

  • दिल्ली में BRICS समिट से इतर हुई राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की मुलाकात
  • प्रियंका गांधी भी रहीं मौजूद, साथ में किया ब्रेकफास्ट
  • अनवर इब्राहिम ने राहुल गांधी को बताया अपना अच्छा दोस्त

नई दिल्ली। दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS समिट के बीच मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने रविवार को कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। दोनों नेताओं की यह मुलाकात BRICS समिट से इतर हुई। हालांकि, बैठक किस स्थान पर हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

कांग्रेस और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा की गईं। तस्वीरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अनवर इब्राहिम साथ नजर आए।

अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर हुई चर्चा

मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने एक्स पर लिखा कि उन्हें सुबह ब्रेकफास्ट के दौरान अपने अच्छे दोस्त राहुल गांधी से एक बार फिर मिलने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच हाल के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय घटनाक्रमों को लेकर विचारों का आदान-प्रदान हुआ।

इस मुलाकात को दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चले आ रहे संपर्क के तौर पर भी देखा जा रहा है। अनवर इब्राहिम पिछले कुछ वर्षों में भारत की यात्राओं के दौरान राहुल गांधी से मुलाकात करते रहे हैं।

2019 में पहली बार हुई थी मुलाकात

राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम की पहली मुलाकात जनवरी 2019 में नई दिल्ली में हुई थी। उस समय अनवर इब्राहिम मलेशिया के प्रधानमंत्री नहीं थे। वह PKR के अध्यक्ष और मलेशिया के पूर्व उपप्रधानमंत्री के तौर पर रायसीना डायलॉग में हिस्सा लेने भारत आए थे। उस समय राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

प्रधानमंत्री बनने के बाद भी राहुल से मिले

21 अगस्त 2024 को मलेशिया के प्रधानमंत्री बनने के बाद अनवर इब्राहिम भारत दौरे पर आए थे। इस दौरान भी उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका में थे।

मुलाकात के बाद अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार को अपना ‘फैमिली फ्रेंड’ बताया था। इसके बाद अब BRICS समिट के दौरान दोनों नेताओं की एक बार फिर मुलाकात हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button