अंबेडकरनगर। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जिले के विद्यालयों में इलेक्ट्रोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) सक्रिय किए गए हैं। निरंतर पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विभिन्न विद्यालयों में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने बैठकें कीं। इसमें नए और पात्र मतदाताओं को नाम जुड़वाने से लेकर मतदाता सूची में संशोधन तक की प्रक्रिया समझाई गई।
बैठकों में विद्यार्थियों को फॉर्म-6, 7 और 8 के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नया मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरा जाता है। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जाता है। पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करने के साथ जरूरत के अनुसार इसका वितरण भी किया गया।
परिवार के पात्र युवाओं की भी जानकारी जुटाने पर जोर
अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। विद्यार्थियों को अपने परिवार और आसपास के पात्र युवाओं को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया के निर्देश पर चल रही इस पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही मतदाता सूची में जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो को निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।









