लखनऊ। लखनऊ में शनिवार शाम कई इलाकों में पेयजल संकट की स्थिति बन सकती है। ऐशबाग और बालागंज जलकल से जुड़े दर्जनों मोहल्लों में शाम की पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इससे करीब पांच लाख की आबादी पर असर पड़ने की संभावना है। नगर निगम और जलकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह होने वाली जलापूर्ति के दौरान अपनी जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पानी भरकर रख लें।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बिजली बंद
जलकल अधिकारियों के मुताबिक, ऐशबाग विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शटडाउन रहेगा। बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण ऐशबाग और बालागंज जलकल की पंपिंग प्रभावित होगी। इसका सीधा असर शाम की पेयजल आपूर्ति पर पड़ेगा।
ऐशबाग जलकल से जुड़े ये इलाके प्रभावित
ऐशबाग जलकल से जुड़े हजरतगंज के कुछ हिस्सों के अलावा कैसरबाग, लालबाग, चारबाग, नाका हिंडोला, ऐशबाग, भदेंवा, मोतीनगर, मौलवीगंज, यहियागंज और लाटूश रोड में शाम की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसके साथ ही माल एवेन्यू, फैजाबाद रोड, आर्यनगर, गढ़ी कनौरा, करेहटा, अंबेडकर नगर, छितवापुर, मनकामेश्वर, बाबूगंज के कुछ हिस्से, निशातगंज और न्यू हैदराबाद भी प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं।
बालागंज जलकल के इन क्षेत्रों में भी असर
बालागंज जलकल से जुड़े चौक, सआदतगंज, राजाजीपुरम, कश्मीरी मोहल्ला, दौलतगंज, ठाकुरगंज, बालागंज, गऊघाट, अहमदगंज पजावा, कैंपवेल रोड, कन्हैय्या माधवपुर, खदरा-मुसाहिबगंज और इकबाल नगर में भी शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। पूर्वी देवी मंदिर, ठाकुरगंज और गुफ्तीगंज क्षेत्र भी प्रभावित इलाकों में शामिल हैं।
सुबह की सप्लाई तय समय पर होगी
जलकल विभाग ने नागरिकों को होने वाली असुविधा पर खेद जताया है। विभाग के अनुसार शनिवार सुबह पानी की सप्लाई अपने निर्धारित समय पर की जाएगी। ऐसे में लोगों से सुबह ही पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडारण कर लेने की अपील की गई है, ताकि शाम को घरेलू कामकाज में परेशानी न हो।









