सालों पुराने रास्ते के विवाद पर डीएम सख्त, होगी नापजोख

चौबे का पूरा में ग्रामीणों ने समाधान दिवस में उठाया मुद्दा, ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा मिलने पर हटाने के निर्देश

जलालपुर (अंबेडकरनगर)। चौबे का पूरा गांव में सालों पुराने रास्ते के विवाद को लेकर अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर नापजोख और निशानदेही कराने को कहा है। ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण मिलने पर उसे हटाने की कार्रवाई भी होगी।

गांव के गुलाम मोहम्मद समेत अन्य ग्रामीणों ने संपूर्ण समाधान दिवस में रास्ते की समस्या उठाई थी। ग्रामीणों के अनुसार, गांव से बाहर आने-जाने के लिए पुराना रास्ता उनके पूर्वजों के समय से इस्तेमाल होता रहा है। यह रास्ता बंजर जमीन से होकर गुजरता है।

रास्ता बंद करने की कोशिश का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग रास्ते को निजी जमीन बताकर बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने पुराने राजस्व नक्शे के आधार पर रास्ते की नापजोख कराने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

बरसात में बढ़ जाती है परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान रास्ते पर पानी भर जाता है। इससे पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने रास्ते पर खड़ंजा निर्माण कराने की मांग की है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-rajbhar-akhilesh-bhagwa-rath/#google_vignette
नापजोख के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

डीएम के निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर जाकर रास्ते और आसपास की जमीन की नापजोख करेगी। निशानदेही के बाद रास्ते की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। रास्ते के निर्माण को लेकर भी आगे की प्रक्रिया नापजोख के बाद तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button